Wednesday, October 21st, 2026

IPL 2021: ऑक्शन में यह बड़े खिलाड़ी होंगे शामिल, लिस्ट में अर्जुन तेंदुलकर और श्रीसंत का भी नाम शामिल

नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के लिए 18 फरवरी को ऑक्शन होने हैं। आईपीएल ने अपने ट्विटर हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया है कि इस नीलामी में कुल 1097 खिलाड़ी शामिल होंगे। आईपीएल का यह ऑक्शन काफी रोमांचक होने की उम्मीद की जा रही है, इस बार लिस्ट में स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल जैसे कई बड़े नामों पर भी बोली लगने वाली है। हाल में ही बीसीसीआई ने बताया था कि इस साल आईपीएल को भारत में करवाने की हर मुमकिन कोशिश की जा रही है और दूसरे देश के बारे में सोचा नहीं जा रहा है। आइए एक नजर डालते हैं उन बड़े नामों पर जो इस बार की नीलामी में चार चांद लगाते हुए दिखेंगे।

स्टीव स्मिथ
पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले स्टीव स्मिथ को इस बार टीम ने रिलीज कर दिया है। यानी स्मिथ इस बार की नीलामी में शामिल होंगे। स्मिथ भले ही टी20 के विस्फोटक बल्लेबाज ना माने जाते हो, लेकिन वह बीच के ओवरों में पारी को संभालने और बाकी खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका जरूर देते हैं। स्मिथ के साथ ही मिलकर आखिरी सीजन संजू सैमसन ने कुछ शानदार साझेदारियां की थी। स्मिथ के पास कप्तानी का भी काफी अनुभव हैं, जो उनको इस बोली में और खास बनाने वाला है। 

ग्लेन मैक्सवेल
ऑस्ट्रेलिया के शानदार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का पिछले आईपीएल सीजन में प्रदर्शन काफी खराब रहा था। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने टूर्नामेंट में सभी लीग मैच खेले, लेकिन फिर भी उनके बल्ले से एक छक्का तक नहीं निकला। हालांकि उन्होंने आईपीएल खत्म होने के बाद भारत के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। वनडे सीरीज में उनके बल्ले से 86 गेंदों पर 167 रन निकले, वहीं टी-20 सीरीज में उन्होंने 52 गेंदों पर 78 रन बनाए। मैक्सवेल टी20 के बेहद विस्फोटक बल्लेबाज माने जाते हैं और उनके ऊपर इस ऑक्शन में एकबार अगर जमकर पैसों की बरसात हो जाती है तो कोई हैरत की बात नहीं होगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछले सीजन का आईपीएल यूएई में खेला गया था और इस बार का आईपीएल भारत में होने की संभावना है, जहां मैक्सवेल काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।

अर्जुन तेंदुलकर
सैयद मुश्ताक अली के इस सीजन में मुंबई की सीनियर टीम के लिए डेब्यू करने वाले अर्जुन तेंदुलकर पहली बार आईपीएल ऑक्शन में नजर आएंगे। अर्जुन का हालांकि प्रदर्शन सीनियर लेवल पर कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन मुंबई जैसी टीम उनके ऊपर दांव खेल सकती है। अर्जुन ने अपने बेस प्राइस 20 लाख रुपए रखा है। अर्जुन मुंबई इंडियंस की ट्रेनिंग सेशन में भी पिछले कुछ सालों में नजर आए हैं। 

एस श्रीसंत
आईपीएल 2013 में स्पॉट फिक्सिंग विवाद में नाम जुड़ने के बाद श्रीसंत का निलंबन पिछले वर्ष सितंबर में खत्म हुआ था जिसके बाद हाल ही में उन्होंने क्रिकेट के मैदान में वापसी की थी और सैयद मुश्ताक अली में केरल की तरफ से खेले। श्रीसंत ने आईपीएल 2021 के ऑक्शन में अपना बेस प्राइस 75 लाख रुपए रखा है। ऐसे में देखना काफी दिलचस्प होगा कि कौन सी टीमें के बीच नीलामी में श्रीसंत के लिए होड़ होगी।

आरोन फिंच
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से अपना आखिरी सीजन खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच भी इस साल नीलामी में शामिल होंगे। फिंच का प्रदर्शन यूएई में खेले गए आईपीएल में ठीक-ठाक रहा था। फिंच की गिनती विश्व के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में की जाती है और वह महज कुछ ओवरों के अंदर किसी भी मैच को पलटने का दम रखते हैं। ऐसे में फिंच के लिए इस बार ऑक्शन में कई टीमें लड़ती हुई दिखाई दे सकती हैं।

क्रिस मौरिस
दुनियाभर के क्रिकेट फैन्स को उस समय काफी हैरानी हुई थी, जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने इस साल उन्हें आईपीएल नीलामी से पहले टीम से रिलीज कर दिया था। हालांकि, आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर माइक हेसन ने उनकी तारीफ की और कहा कि चोट की वजह से उन्हें रिलीज किया गया। इसका मतलब यह है कि फॉर्म मौरिस के लिए परेशानी की वजह नहीं है। मौरिस को पिछले साल आरसीबी ने 10 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया था। आईपीएल 2021 के ऑक्शन में भी मोरिस को काफी मोटी रकम मिल सकती है। मोरिस के साथ खास बात यह है कि वह बल्ले और गेंद दोनों से प्रदर्शन कर सकते हैं, जिसको देखते हुए हर फ्रेंचाइजी उनको अपनी टीम में जगह देना चाहेगी। 

हरभजन सिंह, मार्क वुड, मोईन अली पर भी होगी निगाहें
आईपीएल के इस ऑक्शन में हरभजन सिंह, मोईन अली और मार्क वुड पर भी सबकी निगाहें रहेगी। हरभजन के पास काफी अनुभव मौजूद हैं और वह भारत की पिचों से काफी अच्छी तरह से वाकिफ हैं। वहीं, मार्क वुड किसी भी टीम के लिए एक तेज गेंदबाजी में एक शानदार ऑप्शन हो सकते हैं। मोईन अली काफी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं साथ ही वह अपनी स्पिन गेंदबाजी के दम पर अहम मौकों पर विकेट भी दिला सकते हैं। 

 

#IPL 2021

Source : Agency

पाठको की राय